अनलाॅक1-आसान नहीं है आगे की राहें

नोबेल कोरोनावायरस (कोविड-19) ने चाइना के वुहान शहर से बाहर कदम बढ़ाया तो पूरी दुनिया ने तबाही का ऐसा मंजर देखा जो पहले कभी नहीं देखा गया था। अमेरिका, इटली जैसे विकसित देशों में कोविड-19 ने सरकारों और उनकी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। 130 करोड़ आबादी वाला हमारा भारत देश अब कोविड-19 की चपेट में घिरता नज़र आ रहा है। हम यहां पर पहले की बात नहीं कर रहे कि किसने क्या लापरवाही की, या कहां पर चूक हुई। इस वक्त की सबसे बड़ी चुनौती है कि गांव-गांव में अपना पैर पसार चुके कोरोनावायरस से कैसे राहत मिले? हमारे देश की स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ही काफी जर्जर रही हैं, ऐसे में जब यह बीमारी भयावह रूप ले लेगी तो वह मंजर कल्पना करके ही मन सिहर उठता है। अभी गर्मी का मौसम अपने चरम पर है। कोविड19 को लेकर पहले के दावों में यह कहा गया था, कि जब तापमान 30 डिग्री सेंटीग्रेड के करीब पहुंचेगा तो कोरोनावायरस खुद-ब-खुद खत्म हो जाएगा, लेकिन यह सारे दावे बेमानी साबित हुए हैं। इतनी गर्मी में एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में संक्रमण की गति काफी तेज़ है। खुदा न खास्ता यदि दो-तीन महीने और इसी प्रकार बिमारी के साथ व्यतीत हो गए और ठंड ने दस्तक देदी, तब तो यह भयानक बीमारी हमारे रोज़मर्रा की तमाम उपयोगी वस्तुओं की सतह से भी भयंकर संक्रमण के साथ हमला बोलना शुरू कर देगी, तब इसे नियंत्रित करना बिल्कुल भी संभव नहीं होगा। पहले ही कोविड19 ने अर्थव्यवस्था को हिला के रख दिया है लॉक डाउन रखने की भी एक अपनी सीमा होती है, मगर उन सभी से बढ़कर हर एक नागरिक की जिम्मेदारी बनती है। जो शिक्षित वर्ग हैं उन्हें आगे बढ़कर गरीब तबकों, अशिक्षित लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करते रहना होगा। समाज में ऐसी व्यवस्था बनानी होगी, कि यदि फिर से कड़ाई से लाॅक डाउन लगाना पड़ जाए तो कोई भी भूखा न मरे। हमें तैयार रहने की जरूरत पड़ेगी कि एक बार फिर सख्ती से लाॅक डाउन बर्दाश्त किया जा सके। पहली बात, अनलॉक1 में जो सुविधाएं दी गई हैं उसका कतई दुरुपयोग न हो, यह एकमात्र रिहर्सल है, कि देश में कोरोनावायरस रहते हुए, कैसे बचा जाए। जानकारों की मानें तो अभी भारत में कोरोना ने अपना असली रंग नहीं दिखाया बल्कि आने वाली तारीखें ख़तरनाक साबित हो सकती हैं, जिसके लिए देश के हर एक नागरिक को पूरी तैयारी रखनी होगी। सरकार ने प्रवासी गरीबों मजदूरों को लाने में देर से सही मगर बेहतर काम किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बड़ा आर्थिक पैकेज भी भविष्य में गरीबों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। मेरा यह व्यक्तिगत विचार है कि इस महामारी को रेड, ग्रीन या ऑरेंज जोन में बांटना एक बड़ी भूल थी, जिसके कारण अनेक प्रकार की लापरवाही देखने को मिली यही नहीं इसके कारण जो रेड ज़ोन थे न तो उनमें सुधार हुआ बल्कि जहां ग्रीन ज़ोन घोषित किया गया था, उसकी हालत रेड ज़ोन से भी बदतर हो गई । उत्तर प्रदेश आबादी और क्षेत्रफल के हिसाब से भी काफी बड़ा है, और सर्वाधिक प्रवासियों के लौटने के कारण यहां पर गांव-गांव में कोरोना ने तेज रफ्तार पकड़ ली, फिर भी अर्थव्यवस्था को संभालने के लिए सरकार ने एड़ी चोटी एक कर दी है। इस महासंग्राम के लिए हमें जबरदस्त तरीके से तैयारी करनी होगी। सरकार को भी ज़मीनी तौर पर महा अभियान चलाते हुए, जिस प्रकार जनगणना, पोलियो अभियान आदि का संचालन हुआ, उसी प्रकार घर-घर से स्वास्थ्य गणना करने की सख़्त आवश्यकता है। अभी भी हमारे पास वक्त है कि ठोस कदम उठाकर बड़े पैमाने पर जनहानि को रोका जा सके।
लेखक- आशुतोष श्रीवास्तव, आजमगढ़।

Comments